शिमला: हिमाचल प्रदेश में होमगार्ड की नौकरी करने वालों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि उनके मानदेय में बढ़ोतरी की गई है. हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत देते हुए होमगार्ड का दैनिक मानदेय 208 रुपये बढ़ाने का निर्णय लिया है. माना जा रहा है कि सरकार के इस फैसले से राज्य के करीब 5 हजार से अधिक होमगार्ड जवानों को फायदा होगा.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला में एक बयान जारी कर कहा कि होमगार्ड के जवानों का दैनिक मानदेय 675 रुपये से बढ़ाकर 883 रुपये किया गया है. इससे राज्य में लगभग 5 हजार होमगार्ड कर्मियों को फायदा होगा. उन्होंने कहा कि होमगार्ड को अब हर महीने मानदेय के तौर पर 20,258 रुपये की जगह 26,492 रुपये मिलेंगे.

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार को होमगार्ड के मानदेय पर अब हर महीने लगभग तीन करोड़ रुपये, जबकि प्रतिवर्ष 34 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार पहले ही अपने सभी कर्मचारियों के लिये छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू कर चुकी है.

You missed