शिमला. चुनाव से ठीक पहले जय राम कैबिनेट ने हजारों ऑउटसोर्स कर्मचारियों के लिए राहत दी है. मंगलवार को राज्य सचिवालय में सीएम जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में फैसला लिया गया है कि जब तक इन कर्मचारियों की भर्तियों के लिए कॉरपोरेशन का गठन नहीं होता तब तक ऑउटसोर्स आधार पर कार्यरत कर्मचारी को उसके पद से निकाला नहीं जाएगा. ऑउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर बनाई गई कैबिनेट सब कमेटी की सिफारिशों के अनुसार इन कर्मचारियों की नियुक्ती के लिए कॉरपोरेशन बनाने को मंजूरी दी गई है. हिमाचल में 30 हजार से ज्यादा कर्मचारी ऑउटसोर्स के आधार पर तैनात हैं.
इसके अलावा कैबिनेट ने नौकरियों का भी पिटारा खोला है.

साथ ही शिमला से कुल्लू और धर्मशाला के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने की कवायद को भी मंजूरी दी है. पर्यटन को बढ़ावा देने और कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए मंत्रिमंडल ने शिमला-कुल्लू-शिमला हवाई मार्ग पर सप्ताह में 4 बार और शिमला-धर्मशाला-शिमला हवाई मार्ग पर सप्ताह में 3 बार उड़ानें शुरू करने के लिए एलायंस एयर एविएशन लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन के मसौदे को अपनी मंजूरी दी. मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश की नई वेबसाइट, वेब पोर्टल, विज्ञापन एवं मान्यता और प्रत्यायन नीति 2022 को भी स्वीकृति प्रदान की. इसके साथ ही कैबिनेट ने सीएम की सभी घोषणाओं पर मुहर लगाई.

मंत्रिमंडल की बैठक में दंत चिकित्सा अधिकारियों के 104 पद सृजित करने और इन्हें अनुबंध के आधार पर भरने का निर्णय लिया गया. इनमें से 50 प्रतिशत पद हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से भरे जाएंगे और 50 प्रतिशत पद बैच आधार पर भरे जाएंगे. बैठक में राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयुष विभाग के तहत 22 होम्योपैथिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और इन केंद्रों के प्रबंधन के लिए होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारियों के 22 पदों को भरने का भी निर्णय लिया गया. मंत्रिमंडल ने पंचायती राज विभाग में तकनीकी सहायकों के 164 नव सृजित पदों और रिक्त पदों को हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के माध्यम से भरने की स्वीकृति प्रदान की. बैठक में ग्राम पंचायतों में लगातार 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाली सिलाई अध्यापिकाओं को तृतीय श्रेणी कर्मचारियों के दैनिक वेतनमान (वर्तमान में 396 रुपये प्रतिदिन) के आधार पर मासिक वेतन प्रदान करने को मंजूरी दी.

By Ashwani

You missed