Spread the love

शिमला/कुल्लू| हिमाचल प्रदेश में नए साल की पहली बर्फबारी से ऊंचाई वाले भागों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के अलावा कुल्लू, शिमला, चंबा, सिरमौर व किन्नौर के ऊंचाई वाले कई भागों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। रोहतांग दर्रा समेत मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, घेपन पीक, छोटा शिगरी, बड़ा शिगरी ग्लेशियर, सीवी रेंज की पहाड़ियों बारालाचा, तंगलंगला, कुंजम दर्रा में ताजा हिमपात हुआ है। मंगलवार सुबह से प्रदेश के उच्च पर्वतीय कई भागों में बर्फबारी हो रही है, वहीं राजधानी शिमला समेत आसपास के भागों में रुक-रुक कर बारिश जारी है।पर्यटन स्थल कुफरी, नारकंडा में भी बर्फबारी हो रही है। उधर, जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के अलावा कुल्लू में भारी बर्फबारी से 25 से अधिक रूटों पर बसों की आवाजाही ठप हो गई है।  कई स्थानों पर एचआरटीसी की बसें भी बर्फबारी के बीच फंस गई हैं। कुल्लू जिले में बारिश व बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।

बिजली न होने से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। बर्फबारी से जलोड़ी जोत मार्ग भी बंद हो गया है। वहीं, अटल टनल रोहतांग व जलोड़ी दर्रा में सोमवार रात से ही बर्फबारी हो रही है। अटल टनल धुंधी के पास लगभग चार इंच बर्फ गिर गई है। भारी बर्फबारी को देखते हुए मनाली प्रशासन व पुलिस ने सोलंगनाला से आगे सैलानियों के वाहनों को ले जाने के लिए रोक लगा दी।सैलनियों की सुरक्षा को लेकर यह फैसला लिया गया है। सोलंगनाला में पुलिस बल तैनात किया गया है। आपातकालीन स्थिति में ही लाहौल व पांगी के स्थानीय लोगों को फोर-बाई-फोर वाहन में ही आगे जाने की अनुमति मिलेगी जबकि सैलानियों को आगे नहीं छोड़ा जाएगा।

वहीं, प्रशासन ने प्रधानों, होटल व्यवसायियों, होम स्टे मालिकों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है वे लोगों और पर्यटकों को खराब मौसम के पूर्वानुमान के बारे में सचेत करें। पुलिस ने कहा मौसम को देखते हुए ही होटलों में बुकिंग लें और उसी हिसाब से पर्यटकों को घाटी में आने का न्योता दें। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने कहा कि बर्फबारी के कारण यात्रा करना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए सभी को सलाह दी जाती है कि वे जिले में अनावश्यक रूप से यात्रा करने से बचें।

You missed