शिमला/धर्मशाला| सूबे में जल्द ही मॉनसून रुखसत होने वाला है| जिसके चलते हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर ठंडे पड़ गए हैं। मौसम जरूर ठंडा हुआ है, लेकिन अब मानसनू की विदाई का समय शुरू हो गया है। हालांकि अब मौसम साफ रहने से कुछ दिन सूरज की तपिश झेलनी पड़ सकती है। प्रदेश में तीन दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। मानसून भी अब वापस लौटने की तैयारी में है। इस बार मानसून अधिक समय तक रहा और बीते वर्ष की तुलना में अधिक बारिश हुई। हालांकि इस बार नुकसान अधिक हुआ है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 24 से 48 घंटे में मानसून प्रदेश से विदा हो जाएगा।
हालांकि सोमवार देर रात से लेकर मंगलवार सुबह तक कुछ स्थानों पर बारिश हुई। शिमला सहित कई स्थानों पर बादल छाए रहे और धुंध भी छाई। प्रदेश में अब भी पांच सड़कें यातायात के लिए बंद हैं, जबकि एक मकान को नुकसान पहुंचा है। जिला किन्नौर के चौरा के पास पहाड़ी से चट्टानें गिरने से निगुलसरी-चौरा मार्ग पर तीन घंटे वाहनों की आवाजाही बंद रही।
