शिमला. हिमाचल प्रदेश में एंट्री के ठीक दिन बाद ही मॉनसून का रौद्र रूप देखने को मिला है. चंबा में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है. हालांकि, दूसरे इलाकों में बारिश हुई है. लेकिन किसी तरह के नुकसान की खबरें नहीं हैं. चंबा में भारी बारिश के चलते घरों में मलबा घुसा है और साथ ही कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है. बारिश के चलते सूबे में कुल 40 सड़कें बंद हुई है. चंबा में सबसे अधिक 38 रोड बंद हैं.इसके अलावा, सोलन के कसौली डिवीजन में 1 सड़क और लाहौल में एक सड़क बंद है.
आलम यह रहा कि लोगों को जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा है. जिला मुख्यालय के साथ लगती ग्राम पंचायत सरोल तथा हरिपुर में बारिश के कारण भारी मात्रा में पानी व मलबा लोगों के घरों व खेतों में घुस गया, जिस कारण लोगों को भारी नुकसान हुआ है. कालका-शिमला हाईवे पर सोलन जिले के धर्मपुर के समीप कार पर पहाड़ी से पत्थर गिर गए। हालांकि बड़ा हादसा टल गया.
सरोल क्षेत्र के सरोल, घोल्टी, हरिपुर तथा भद्रम में घरों में पानी और मलबा घुसा है. यहां पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे उक्त क्षेत्र में अचानक भारी बारिश हुई. चंबा में बारिश के कारण चंबा-पठानकोट एनएच पर चनेड़, उदयपुर व तड़ोली में भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया और आवाजाही बाधित रही. चंबा-तीसा मार्ग पर भद्रम नाले का जलस्तर बढ़ने के चलते मार्ग पर भारी मात्रा में पानी व मलबा आने के कारण यहां पर भी आवाजाही प्रभावित हुई है. चंबा-सुंडला-सलूणी मार्ग पर कैला मोड़ में डंगा गिर गया. जिस समय डंगा गिरा, उस वक्त वहां से एक कार गुजर रही थी, जिसका एक हिस्सा लटक गया.
