हिमाचल प्रदेश में आज भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को चोटियों पर हिमपात और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। वीरवार को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। 20 व 21 मई को पश्चिमी विक्षोभ अधिक सक्रिय होगा। इस दौरान लाहुल स्पीति को छोड़ प्रदेश के बाकी जिलों में 30 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने और ओलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।

हिमाचल प्रदेश में मानसून भी इस बार जल्‍द ही दस्‍तक दे देगा। उम्‍मीद जताई जा रही है कि 20 जून से पहले मानसून दस्‍तक दे सकता है। इस बार मानसून के दौरान भारी बारिश का अंदेशा जताया जा रहा है।

हिमाचल प्रदेेश में सोमवार को चोटियों पर हिमपात और निचले क्षेत्रों में बारिश होने से मंगलवार को न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को इससे राहत मिली है। शिमला में न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 7.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट कांगड़ा में 4.9, सोलन में 4.7, मनाली में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। किसान और बागवान बारिश का इंतजार कर रहे थे। हालांकि अधिकतर स्थानों पर पर्याप्त बारिश नहीं हुई। वहीं, शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सेब को नुकसान हुआ है।

कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)

  • स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
  • शिमला, 13.4, 26.4
  • सुंदरनगर, 16.8, 35.1
  • भुंतर, 13.3, 33.5
  • कल्पा, 8.0, 21.6
  • धर्मशाला, 16.2, 33.5
  • ऊना, 23.0, 41.2
  • नाहन, 23.1, 35.9
  • केलंग, 4.7, 19.1
  • सोलन, 16.1, 32.5

 

You missed