शिमला/कुल्लू| तीसरे दिन भी सूबे में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। लगातार जारी बारिश-हिमपात से प्रदेश में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज वीरवार को पश्चिमी विक्षोभ कुछ कमजोर पड़ेगा और सात से नौ जनवरी के बीच दोबारा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस दौरान चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, लाहुल स्पीति व किन्नौर जिला में भारी हिमपात होने की संभावना है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर के कुछ हिस्सों में बारिश होगी।रोहतांग दर्रे में चार फीट से ज्यादा हिमपात हो चुका है। अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल में डेढ़ फीट से अधिक बर्फ पड़ी है। मनाली में आधा फीट बर्फ गिरी है। लाहुल घाटी में लोग घरों में कैद हो गए हैं। शिंकुला, कुंजम व बारालाचा दर्रे सहित चंबा की पांगी घाटी में चार फीट तक हिमपात हुआ है। डलहौजी के डैनकुंड में एक फीट हिमपात हुआ है। कुल्लू जिला के धुंधी में दो फीट, सोलंगनाला में एक, केलंग में एक और कुल्लू जिला के गुलाबा में दो फीट बर्फबारी हुई है।
लाहुल-स्पीति जिला प्रशासन ने लोगों को मौसम खुलने तक सफर नहीं करने की हिदायत दी प्रदेश के छह जिलों में हिमपात से 248 सड़कों पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। कड़ाके की ठंड के कारण कई जगह पेयजल संकट गहरा गया है। लाहुल स्पीति जिला प्रशासन ने लोगों को मौसम खुलने तक सफर न करने की हिदायत दी है। प्रदेश में 140 ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई है। हिमपात के कारण लाहुल स्पीति में 137, किन्नौर में 51, मंडी में 28, कुल्लू में 16, शिमला में 10 और चंबा में छह सड़कें बंद हैं। चंबा में 66, मंडी में 30, लाहुल स्पीति में 21, किन्नौर में 19 और कुल्लू जिला में चार ट्रांसफार्मर बंद होने से लोगों को पावर कट की समस्या से जुझना पड़ रहा है।ऊपरी शिमला में कुफरी से लेकर रोहडू, खड़ा पत्थर, नारकंडा सहित सभी स्थानों पर यातायात है। किन्नौर व रामपुर के लिए बसों को बसंतपुर से भेजा जा रहा है। रिकांगपिओ से शिमला आ रही बस लुहरी के समीप सड़क से नीचे उतर गई। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
- शिमला,4.6,5.9
- सुंदरनगर,7.3,10.5
- भुंतर,5.5,7.8
- कल्पा,-0.6,1.7
- धर्मशाला,7.4,11.0
- ऊना,11.0,14.6
- केलंग,-3.1,-0.5
- डलहौजी,1.3,2.1
- कुफरी,-1.0,1.0
सेब की बेहतर पैदावार की उम्मीद
जनवरी के पहले सप्ताह में हुए भारी हिमपात से सेब सहित गेहूं की बेहतर पैदावार की उम्मीद बंध गई है। लंबे सूखे के बाद प्रदेश में पर्याप्त बारिश हुई है। सेब की बेहतर पैदावार के लिए चिलिंग आवर्स पूरे होने आवश्यक हैं। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से गेहूं की फसल सूखने लगी थी, जिसे अब संजीवनी मिली है।
