Spread the love

शिमला/कुल्लू| सूबे में पिछले दिनों हुई हल्‍की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। आने वाले द‍िनों में मौसम एक बार फि‍र से करवट बदलेगा। ऐसे में लोगों को तपती गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 23 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और 25 मार्च तक प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में आंधी चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस समय होने वाली बारिश गेहूं की फसल के लिए भी काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। किसान भी बारिश के इंतजार में हैं। वहीं, बारिश होने पर तापमान में गिरावट से मौसम कुछ दिन सुहावना रह सकता है, इससे हिमाचल में घूमने आ रहे पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।

सोमवार को कल्पा सहित ऊंचे स्थानों पर हल्की बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। केलंग में एक बार फिर तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है और -1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मौसम साफ रहने की संभावना है और धूप खिलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। सोमवार को सुंदरनगर, धर्मशाला और सोलन से ज्यादा गर्म शिमला रहा। शिमला का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री, जबकि सोलन में 10.2, सुंदरनगर में 11.1, धर्मशाला में 13.0 डिग्री दर्ज किया गया है।

कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)

  • स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
  • शिमला, 14.4, 23.4
  • सुंदरनगर, 11.1, 32.5
  • भुंतर, 8.0, 30.5
  • कल्पा, 3.8, 19.4
  • धर्मशाला, 13.0, 31.2
  • ऊना, 16.4, 36.8
  • नाहन, 21.7, 32.0
  • केलंग, -1.3, 11.6
  • सोलन, 10.2, 30.5
  • मनाली, 7.6, 24.4

You missed