शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान पर दिल्ली में मंहगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को अनुमति नहीं मिलने पर प्रदेश कांग्रेस इकाई भी भड़क गई है।इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि महंगाई, अप्रत्याशित मूल्य वृद्धि, बेरोजगारी और डूबती अर्थव्यवस्था के खिलाफ दिल्ली में 12 दिसंबर को कांग्रेस की महंगाई हटाओ महारैली का आयोजन करने जा रही थी, लेकिन उप राज्यपाल द्वारा अनुमति नहीं दी गई। जोकि संविधान की धारा 19 की अवहेलना और लोकतंत्र की हत्या है।
उन्होंने कहा है कि देश के संविधान ने अपने नागरिकों को यह अधिकार दे रखा है कि वह सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से कोई भी प्रदर्शन करते हुए अपनी बात कह सकता है। लेकिन दिल्ली के उप राज्यपाल ने पीएम और गृहमंत्री के दवाब के चलते कांग्रेस की इस रैली को अनुमति नहीं दी।
कुलदीप राठौर ने कहा कि देश और प्रदेश में हुए उपचुनाव में जिस तरह से बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है, उससे बीजेपी बौखला गई है। वह कांग्रेस की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन विपक्ष चुप रहने वाला नहीं है। आज यहां केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकार के खिलाफ रोष जताया गया है। पार्टी आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
