शिमला| सूबे में चुनाव ड्यूटी वाले कर्मचारियों के पोस्टल बैलेट वापस नहीं मिलने का मामला तूल पकड़ रहा है। कांग्रेस ने शिकायत पर गौर नहीं करने के बाद इलेक्शन कमीशन को रिमाइंडर भेजा है। फिर भी कांग्रेस की शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस हाईकोर्ट जाने की चेतावनी दे रही है।कांग्रेस लीगल सेल के IN मेहता ने बताया कि उनकी शिकायत पर गौर नहीं करने पर उन्हें मजबूरी में कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि चुनावी ड्यूटी वाले कई कर्मचारी वोट नहीं दे पाए हैं, जबकि सभी कर्मचारियों को वोट देने का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि कम से कम जिन कर्मचारियों ने समय पर पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन कर दिया था, उन्हें तो वोट के अधिकार से वंचित नहीं रखा जाए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO ) से जल्द से जल्द उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
पोस्टल बैलेट वापस नहीं आना दुर्भाग्यपूर्ण: प्रणय
कांग्रेस लीगल सेल के अधिवक्ता प्रणय प्रताप ने बताया कि सर्विस वोटर और चुनावी ड्यूटी वाले कर्मचारियों के काफी पोस्टल बैलेट अब तक वापस नहीं आए हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। इसे लेकर कांग्रेस का लीगल सेल पहले भी इलेक्शन कमीशन से शिकायत कर चुका है।
प्रणय प्रताप ने बताया कि जिन कर्मचारियों ने पोस्ट के जरिए अपने बैलेट पेपर भेजे हैं, उन्हें डाक विभाग रिसिप्ट नहीं दे रहा है। इसलिए डाक विभाग को निर्देश दिए जाएं कि पोस्टल बैलेट जल्दी इलेक्शन कमीशन को भेजने का काम करें।कांग्रेस ने धर्मपुर के उन 18 कर्मचारियों की सूची भी इलेक्शन कमीशन को सौंपी है, जिन्हें पोस्टल बैलेट नहीं दिया गया। इसी तरह की शिकायत कुछ दिन पहले बिलासपुर की बड़सर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ID लखनपाल ने भी की थी।
कांग्रेस को नुकसान का डर
वहीं सिरमौर में भी कुछ कर्मचारियों के पोस्टल बैलेट गुम करने का आरोप लगाया गया है। यही वजह है कि पोस्टल बैलेट का मामला निरंतर गरमाता जा रहा है। कांग्रेस को कर्मचारियों के कम वोट होने से डर लग रहा है, क्योंकि OPS के कारण कांग्रेस कर्मचारियों को अपने साथ मान रही है।
