शिमला। सूबे में बारिश व बर्फबारी का दौर जारी है। बारिश व बर्फबारी के कारण लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में कई सड़कों के बाधित होने से परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है। साथ ही बिजली ट्रांसफार्मर व पेयजल स्कीमों के ठप पडऩे से लोगों को बिजली व पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ रहा है। राज्य आपदा प्राधिकरण प्रकोष्ठ की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में गुरुवार को 353 सड़कें, 400 ट्रांसफार्मर और 44 पेयजल स्कीमें बंद रहीं। लाहुल-स्पीति जिला में सबसे ज्यादा 168 सड़कें बंद हैं। किन्नौर में 62, चंबा में 55, कुल्लू में 51, शिमला में 9 और मंडी में 8 सड़कों पर आवाजाही बाधित रही। इसके अलावा कुल्लू में बिजली के 146 ट्रांसफार्मर बंद रहे। इसी तरह चंबा में 108, किन्नौर मेे 80, मंडी में 37, शिमला में 30 और सिरमौर में 16 ट्रांसफार्मर ठप रहे।
चंबा में 37 और लाहुल-स्पीति में सात पेयजल स्कीमें ठप रहीं। राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन बर्फबारी का दौर जारी रहा। वहीं राजधानी शिमला धूंध के आगोश में डूब गई। इस कारण दृष्यता कम रही। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 10 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान बारिश व बर्फबारी होने के आसार हैं। आठ जनवरी को मैदानी व निचले इलाकों में भारी बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में भारी हिमपात का यलो अलर्ट जारी किया गया है। उच्च पर्वतीय इलाकों में नौ जनवरी को भारी बर्फबारी का यलो अलर्ट रहेगा। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान कोठी में 70 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।
इसके अलावा हंसा में 31, मनकी में 22, गोंदला में 20, खदराला में 18, कल्पा में 17, कुफरी में 15, मुरंग में 13 और पूह में 12 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। इसके अलावा घुमरूर में 79, अंब में 76, गुलेर में 63, पालमपुर में 61, बंगाणा में 60, खीरी में 59, नगरोटा सूरियां में 58, सुजानपुर टीहरा में 53, सलौणी व उना में 51-51, नादौन में 50, धर्मपुर में 49, नाहन में 48, नयनादेवी व जोगिंद्रनगर में 46-46, पच्छाद व संगड़ाह में 45-45 मिमी बारिश हुई है।
