शिमला| सूबे में हुए विधानसभा चुनाव की 68 सीटों पर इस बार कुल 75.05 प्रतिशत वोटिंग हुई, लेकिन बैलेट पेपर की गणना के बाद इस बार वोटिंग पर्सेंटेज पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ सकती है। सिरमौर जिला की 5 विधानसभा सीटों पर सबसे ज्यादा 79.07% लोगों ने मतदान किया, जबकि जनजातीय जिला किन्नौर में सबसे कम 70.50 फीसदी वोट पड़े।सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र की जनता ने मतदान में सबको पछाड़ा है। यहां पर 85.20% लोगों ने वोट डाले। वहीं देश के सबसे ज्यादा साक्षरता वाले शहरों में शुमार शिमला शहरी क्षेत्र एक बार फिर से मतदान में फिसड्डी साबित हुआ। शिमला शहरी सीट पर सबसे कम 62.53% लोगों ने वोटिंग की।
मतदान में सिरमौर के बाद 76.82% के वोटिंग के साथ सोलन जिला दूसरे नंबर पर, 76.69% के साथ ऊना तीसरे नंबर पर और 76.15% वोटिंग के साथ कुल्लू जिला चौथे नंबर पर रहा। राज्य के अति दुर्गम क्षेत्रों से मतदान की स्टीक जानकारी के बाद मतदान प्रतिशत में हल्का इजाफा और हो सकता है।
अब स्ट्रॉन्ग रूम में EVM
एक-आध घटनाओं को छोड़कर प्रदेश में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हो गई है। सभी जगह EVM मशीनें स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा में रखी गई। स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर मतगणना संपन्न होने तक कड़ा सुरक्षा पहरा 24 घंटे रहेगा। इसी तरह CCTV कैमरे से भी सुरक्षा की निगरानी रखी जाएगी।
हिमाचल में 412 उम्मीदवार मैदान में
हिमाचल से 412 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अब इनकी किस्मत EVM में कैद हो गई है। करीब 56 लाख मतदाता थे। इनमें 28 लाख 54 हजार 945 पुरुष, 27 लाख 37 हजार 845 महिलाएं और 38 थर्ड जेंडर वोटर हैं। मतगणना 8 दिसंबर को होगी।
2017 में हुआ था 75.57% मतदान
वर्ष 2017 में रिकॉर्ड बैलेट पेपर समेत 75.57% मतदान हुआ था। वर्ष 2012 के चुनाव में मत प्रतिशत 73.5 फीसदी, 2007 में 71.61, 2003 में 74.51 फीसदी और 1998 में 71.23 फीसदी था, यानी प्रदेश में हर बार के चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ रहा है। लोकतंत्र के इस पर्व के लिए यह अच्छा संकेत है।
