शिमला : मंडी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले प्रदेश युवा कांग्रेस ने भाजपा पर सवालों की झड़ी लगाई है। युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता निशांत शर्मा ने पूछा है कि हिमाचल में प्रधानमंत्री अपने आठ साल के शासन में आठवीं बार हिमाचल आ रहे हैं, करोड़ों रुपए के कर्ज में डूबी हिमाचल सरकार उनकी आवभगत मे करोड़ों रुपए खर्च कर चुकी है लेकिन गर्मागर्म स्वागत करवाने के बावजूद उन्होंने हिमाचल में आकर प्रदेश के लिए एक फूटी कौड़ी की घोषणा करना भी उचित नहीं समझा। हर बार वह आते है, जुमले सुनाते हैं, कभी शेपू बड़ी, कभी कांगड़ी धाम तो कभी चम्बा रूमाल की  बात करके हिमाचल के लोगों की तालियां भी खूब बटोरते हैं लेकिन हिमाचल की खाली झोली में कुछ डाले बिना ही निकल जाते है।

 

निशांत शर्मा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ही कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के ये सभी दौरे उनके मुख्यमंत्री काल में ही हुए हैं लेकिन वह उनसे प्रदेश के लिए एक लाल पाई मांगने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। प्रधानमंत्री राज्य में आया हो और उस राज्य का मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के सामने प्रदेश की एक मांग ना रखने के कलंक से विदाई की बेला आने से पहले हिम्मत जुटा कर कम से कम इतना पैकेज तो मांग ही लें जितनी कागजी घोषणाएं उन्होंने सरकारी धन से आयोजित हो रहे अमृत महोत्सव समारोहों में प्रदेश के विभिन्न भागों में की हैं ताकि इनको पूरा किया जा सके। निशांत ने कहा कि यह सरकार युवाओं को ठगने का ही काम करती आई है। बेरोजगारी की नब्ज पकड़ कर उसका इलाज करने की बजाय बरगलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल में विधानसभा चुनाव आ रहे हैं तो प्रधानमंत्री दोबारा कोई जुमला फैंकने आ रहे हैं, लेकिन अब हिमाचल की जनता भाजपा के झांसे में आने वाली नहीं है।

You missed