Spread the love

शिमला| सूबे में हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक आज मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्‍यक्षता में होगी। इसमें कॉलेज और यूनिवर्सिटी के शिक्षकों को UGC पे स्केल देने को मंजूरी मिल सकती है। शिक्षा विभाग ने UGC पे स्केल को लेकर एक प्रस्ताव सरकार को भेज रखा है। वित्त विभाग पहले ही इसे मंजूरी दे चुका है।अब कैबिनेट की मुहर के बाद लंबे समय से चली आ रही UGC पे स्केल की मांग आज पूरी हो सकती है। इसी मांग को लेकर कॉलेज व यूनिवर्सिटी के शिक्षक काम छोड़ो हड़ताल भी कर चुके हैं। आज की बैठक में HPMC द्वारा सरकार को भेजे गए प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी।सरकार ने HPMC के माध्यम से बागवानों को मिलने वाले कार्टन पर GST में 6 प्रतिशत की छूट का निर्णय लिया है। इस 6 प्रतिशत छूट का लाभ कैसे बागवानों को दिया जाए और कितने कार्टन मुहैया कराने हैं, इसे लेकर निगम ने प्रस्ताव तैयार करके कैबिनेट की मंजूरी को भेजा है।

कैबिनेट में कोरोना के बढ़ते मामलों पर भी चर्चा की जा सकती है, क्योंकि प्रदेश में तीसरी लहर के बाद अब रिकॉर्ड मामले आने लगे हैं। बीच-बीच में संक्रमण दर भी 15 फीसदी को पार कर गई है। स्वास्थ्य विभाग आज कैबिनेट में प्रस्तुति देगा और कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनने इत्यादि की सिफारिश कर सकता है।आज की बैठक में शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों को अपग्रेड करने की भी अनुमति मिल सकती है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर धड़ाधड़ चुनावी जनसभाएं कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री कई स्कूलों और चिकित्सा संस्थानों को अपग्रेड करने की घोषणाएं कर रहे हैं। इन्हें अमलीजामा पहनाने के लिए कैबिनेट की मंजूरी जरूरी है।

You missed