शिमला| सूबे में हिमाचल मंत्रिमंडल की अहम बैठक आज सचिवालय में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में होगी। इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते है। इसमें मुख्यमंत्री द्वारा बीते दिनों चुनावी जनसभाओं में की घोषणाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न विभागों में रिक्त पद भरने, शिक्षण व स्वास्थ्य संस्थान अपग्रेड करने के निर्णय लिए जाएंगे।प्रदेश में अगस्त माह में विधानसभा का मानसून सत्र होना है। आज की कैबिनेट में मानसून सत्र को लेकर चर्चा हो सकती है। संभव है कि इसमें मानसून सत्र की तिथि तय घोषित की जा सकती है। कैबिनेट में कालेज के स्टाफ को UGC स्केल देने को लेकर चर्चा हो सकती है लेकिन बुधवार देर शाम तक इसे लेकर कैबिनेट नोट नहीं बन पाया था। आउट सोर्स कर्मचारियों की पॉलिसी को लेकर भी कैबिनेट में चर्चा संभावित है।
कोरोना पर स्वास्थ्य विभाग का प्रेजेंटेशन
हिमाचल में बीते 20 दिनों के दौरान कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे है। बीते 24 घंटे के दौरान भी बीते छह महीने में रिकार्ड 358 नए मरीज मिले है। राज्य में अब सक्रिय मरीज 1580 हो गए है। मसलन आज की बैठक में स्वास्थ्य विभाग इसे लेकर प्रेजेंटेशन देगा। इसमें कुछ बंदिशें लगाने पर चर्चा हो सकती है।
MIS के रेट में बढ़ोतरी संभव
कैबिनेट में सेब के अलावा आम व नींबू के समर्थन मूल्य का ऐलान हो सकता है। राज्य सरकार मंडी मध्यस्थता योजना (MIS) के तहत सरकार इन फलों की खरीद करती है। बागवानी विभाग ने इसे लेकर सरकार को प्रस्ताव भेज रखा है। बीते सीजन में सेब 9.50 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदा गया था। चुनावी वर्ष में डेढ़ से दो रुपए बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।
HPMC व हिमफैड करता है MIS के तहत खरीद
बता दें कि MIS योजना के तहत राज्य सरकार के उपक्रम HPMC और हिमफैड बागवानों से निम्न क्वालिटी का सेब खरीदते है। इसके लिए राज्य के अलग-अलग स्थानों पर खरीद केंद्र खोले जाते है। बाद में इससे HPMC एपल जूस कंसंट्रेंट तैयार करता है लेकिन बागवानों को सरकार अभी बीते साल का भी लगभग 24 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं कर पाई है। उम्मीद की जा रही है कि सरकार बागवानों की बीते साल की पेमेंट का भी जल्द भुगतान करेगी।
