शिमला| सूबे में आने वाले दिनों में मौसम फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में तीन दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। राज्य के उच्च पर्वतीय कुछ भागों में 15 से 17 दिसंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। वहीं मध्य पर्वतीय कुछ भागों में 16 व 17 दिसंबर को बारिश-बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान मैदानी भागों में मौसम साफ रहेगा। वहीं, 18 दिसंबर को सभी भागों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। उधर, प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जनजातीय क्षेत्रों में कही जगह नदियां और झीलें जमना शुरू हो गई हैं। न्यूनतम तापमान में कमी आने से प्रदेश सुबह और शाम के समय शीतलहर की चपेट में आ गया है।केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6, कल्पा माइनस 4.0, मनाली माइनस 0.4, कुफरी 2.1, शिमला 2.7, भुंतर 1.8, सुंदरनगर 2.8, चंबा 5.5, धर्मशाला 4.2, ऊना 6.6, नाहन 11.1, पालमपुर 4.0, सोलन 1.2, कांगड़ा 5.8, मंडी 4.2, बिलासपुर 6.0, हमीरपुर 5.2, डलहौजी 1.9, जुब्बड़हट्टी 4.5 और पांवटा साहिब में 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं मंगलवार को दिनभर शिमला समेत अन्य भागों में मौसम साफ रहा।
लाहौल-स्पीति जिले के लोगों को बर्फबारी के चलते दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां अभी भी कई सड़कें प्रभावित हैं। पीने के पानी की योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 22.0, कांगड़ा में 20.0, बिलासपुर में 19.5, भुंतर में 19.0, नाहन-सुंदरनगर में 18.7, हमीरपुर में 18.3, चंबा में 17.6, धर्मशाला में 16.6, शिमला में 12.6, कल्पा में 9.9, डलहौजी में 5.5 और केलांग में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
