मंडी : हिमाचल प्रदेश में होने वाले चुनाव में कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का टिकट कट गया है. टिकट कटने के बाद महेंद्र सिंह ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है कि पार्टी ने शायद उम्र के लिहाज से उनका टिकट काटा और युवा नेता रजत ठाकुर को टिकट दिया है. यह बात उन्होंने न्यूज 18 संवाददाता को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कही. अपने पहले इंटरव्यू में महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि उनकी उम्र 73 वर्ष की हो गई है और पार्टी यहां से ऐसे किसी युवा की तलाश में थी. पार्टी ने इस बात को लेकर गुप्त सर्वे भी करवाए थे. सर्वे में रजत ठाकुर सर्वश्रेष्ठ आंके गए होंगे और इसी आधार पर पार्टी ने उन्हें टिकट दिया है और मुझे पार्टी ने संगठन के लिए काम करने का आदेश दिया है और मैं वही काम करूंगा.महेंद्र ने कहा कि धर्मपुर के अलावा जिला की बाकी नौ सीटों पर भी पार्टी के लिए काम करूंगा ताकि प्रदेश में फिर से जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाई जा सके. जयराम ठाकुर अब तक के सबसे सफल सीएम साबित हुए हैं और उन्होंने पूरे प्रदेश का समान दृष्टि से विकास करवाया है. धर्मपुर से रजत ठाकुर को भारी मतों से जीताकर विधानसभा भेजकर सीएम जयराम ठाकुर को मजबूत किया जाएगा।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कांग्रेस की तरफ से लगाए जा रहे परिवारवाद के आरोपों पर बोलते हुए कहा कि रजत ठाकुर को इस कारण टिकट नहीं मिला है कि वो मेरा बेटा है बल्कि रजत बीते 20 वर्षों से संगठन की सेवा कर रहा है और धर्मपुर में पूरी सक्रियता से काम कर रहा था. भाजपा में साधारण कार्यकर्ता को मान-सम्मान मिलता है. यहां भाजपा का एक ही परिवार है और उस परिवार का हर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ संगठन का काम करता है. रजत को सर्वे के आधार पर टिकट मिला है.
महेंद्र सिंह ठाकुर ने अपनी बेटी वंदना गुलेरिया की नाराजगी पर बोलते हुए कहा कि वंदना और रजत में एक खून है. वंदना शायद सर्वे में पीछे रह गई होगी और इसी आधार पर रजत को मौका मिला है लेकिन इसमें नाराज होने वाली कोई बात नहीं. अगर कोई नाराजगी या गलतफहमी है तो उसे जल्द ही दूर कर दिया जाएगा. दोनों भाई-बहन धर्मपुर क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए काम करेंगे.
