शिमला| सूबे में पुलिस की कांस्टेबल भर्ती के 1334 पदों के लिए 1,87,311 आवेदन आए हैं। यह आंकड़ा रविवार सुबह आठ बजे तक का है। प्रदेश पुलिस ने इंटरनेट मीडिया में जानकारी दी कि इस भर्ती के लिए पहली अक्टूबर से आनलाइन आवेदन मांगे गए थे। आवेदन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर थी। इन पदों में 932 पुरुष, 311 महिला और 91 चालक पुरुष कांस्टेबल के हैं। युवाओं ने भर्ती के लिए खासा उत्साह दिखाया है।
चूंकि पुलिस ने अधिसूचना पहले जारी की थी, इस कारण आवेदन आदर्श आचार संहिता के दौरान भी जारी रहे। इस पर रोक नहीं लगी। अब भर्ती की अगली प्रक्रिया आरंभ होगी। कांस्टेबल पद नियमित आधार पर भरा जाएगा, लेकिन नियमित पुलिस कर्मचारी के बराबर वेतनमान आठ साल के सेवाकाल के बाद मिल पाएगा।
