सोलन : घर-घर में सरकार ने नल तो लगाया मगर जल नहीं पहुंचाया। प्रदेश के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। कहीं पांचवें तो कहीं सातवें दिन नल से पानी टपकता है। ये कहानी मुख्यमंत्री सेवा संकल्प योजना बयां कर रही है। करीब साढ़े तीन वर्ष में सीएम हेल्पलाइन पर एक लाख से अधिक शिकायतें जल शक्ति विभाग से जुड़ी पहुंची हैं, प्राप्त हुई इन शिकायतों में से 78 हजार का संतोषजनक समाधान भी हुआ। शायद प्रदेश के लोग गुडिया कांड को भूले नहीं होंगे। महिलाएं पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगा रही हैं, चाहे स्कूल-काजेल जाने वाली छात्राएं हो या फिर कामकाजी महिलाएं। ये सब सुरक्षा का एहसास चाहती हैं। सीएम हेल्प लाइन में दूसरे नंबर पर पहुंची शिकायतें पुलिस महकमें से जुड़ी हैं।

यदि पिछले महीने आई शिकायतों को देखा जाए जो पुलिस विभाग से जुडी शिकायतों की संख्या दो हजार के निकट है और समाधान एक हजार से कुछ अधिक। प्रदेश के लोग पटवारियों से भी परेशान हैं। निशानदेही नहीं हो रही, जमाबंदी, ततीमा लेने के लिए चक्कर काटने पड़ते हैं। इसी तरह की शिकायतों से सीएम हेल्प लाइन भरी पड़ी है। लोग परिवहन निगम की बस सेवाओं से संतुष्ट नहीं है। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प योजना के तहत लिए गए संकल्प को कर्मचारी-अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे।

पिछले मई महीने के दौरान 76 विभागों से संबंधित कुल 18099 शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से 7813 शिकायतों का समाधान हुआ। यानि आधी से कम शिकायतों का निपटारा संभव हो सका। लोक निर्माण विभाग को मिली शिकायतों और उनके हुए समाधान से तो हैरानी होती है कि दो सौ से कुछ अधिक शिकायतें सुलझ पाईं।

सरकार ने प्रदेश के आम आदमी की शिकायतों का मोबाइल फोन पर एक काल करके समाधान करने के लिए 16 सितंबर 2019 को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प योजना शुरू की थी। प्रत्येक शिकायत तुरंत संबंधित विभाग के अधिकारी के पास पहुंचती है। उसके बाद उस शिकायत के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू होती है और शिकायतकर्ता को अवगत करवाया जाता है। पहले चरण में अधिकांश शिकायतों का संतोषजनक निपटारा भी संभव होता है। आंकड़े बोलते हैं कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं व्यवस्थित तरीके से नहीं मिलने के कारण जल, बिजली, सड़क, महिला सुरक्षा, परिवहन, राजस्व से जुड़ी समस्याएं लगातार परेशान कर रही है। कुल 89 सरकारी विभागों व सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़ी 3.94 लाख शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से 2.67 लाख का समाधान संभव हो सका। जल शक्ति विभाग से लोगों को सबसे ज्यादा शिकायतें हैं। हर घर में नल तो लग गया मगर पानी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं हुई। जहां पर पानी आता था, अधिक संख्या में नल लगने से पानी कम हुआ या आना बंद हो गया।

  • विभाग शिकायतों की संख्या समाधान हुआ
  • जल शक्ति 108388 78095
  • पुलिस 39415 29975
  • लोक निर्माण 38907 21723
  • विद्युत बोर्ड 34612 27454
  • राजस्व 33030 18283
  • पंचायतीराज 24713 13922
  • ग्रामीण विकास 23792 14140
  • परिवहन निगम 9532 7130

You missed