राज्य के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 22 हजार मिड-डे मील वर्करों के मासिक मानदेय में सरकार ने 900 रुपये की बढ़ोतरी की है। पहले इन कर्मियों को 2600 रुपये प्रति माह मानदेय मिलता था। इसे बढ़ाकर अब 3500 रुपये कर दिया गया है। बढ़ा हुआ मानदेय अप्रैल से लागू होगा। अप्रैल और मई का बढ़ा हुआ मानदेय एमडीएम कर्मियों को एरियर के रूप में मिलेगा। जून का मानदेय जुलाई में मिल जाएगा। उप सचिव प्रारंभिक शिक्षा ललित विक्रम गौतम की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक भुवन शर्मा ने सभी स्कूलों को पत्र भेजा है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने बजट भाषण में एमडीएम कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। इससे पूर्व में इन कर्मियों के मानदेय में 200 से 500 रुपये तक की बढ़ोतरी होती थी। यह पहला मौका है जब इनका मानदेय एक साथ 900 रुपये बढ़ाया गया है। प्रदेश के करीब 22 हजार मिड डे मील वर्कर कार्यरत हैं। पहले इन्हें 2600 रुपये प्रति माह मानदेय मिलता था।
