शिमला/कुल्लू| सूबे में मौसम की बेरुखी से पहाड़ भी तप गए हैं। मौसम विभाग ने आज हिमाचल के छह जिलों ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, सिरमौर व सोलन में लू चलने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। गर्म हवा के कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और वृद्धि होगी। मैदानों के साथ पहाड़ों पर भी गर्मी का असर होगा। प्रदेश में गर्मी रिकार्ड तोड़ रही है। दिन में लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर बाद कई शहरों में गर्म हवा (लू) चल रही है। रविवार धर्मशाला में वर्ष 2009 के बाद सबसे अधिक गर्म दिन रहा। धर्मशाला में जून 1995 में सबसे अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया था। जून, 2009 में 37.2 और रविवार को 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
ऊना में एक सप्ताह से तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार का दिन जिले में इस सीजन का सबसे ज्यादा गर्म रहा। अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 16 मई को ऊना का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा था। सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक गर्म हवा चलने से लोग परेशान हैं।
प्रदेश में अभी तीन दिन गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार नौ जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे तीन दिन वर्षा की संभावना है। विभाग ने रविवार को छह जिलों में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया था। सोमवार को भी इन जिलों में गर्मी अधिक परेशान करेगी। ऊना में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक है।
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 19.8, 28.6
- सुंदरनगर, 17.1, 38.6
- भुंतर, 15.2, 36.7
- कल्पा, 9.8, 25.1
- धर्मशाला, 23.4, 37.2
- ऊना, 22.0, 44.4
- नाहन, 26.5, 38.8
- केलंग, 7.4, 21.7
- सोलन, 16.7, 37.0(डिग्री सेल्सियस में)
