शिमला| हिमाचल प्रदेश में धनतेरस पर्व पर मंगलवार को संध्या बेला पर 6:18 बजे से रात्रि 8:14 बजे तक पूजन करना श्रेष्ठ रहेगा। इस बार धनतेरस पर खरीदारी के दो शुभ मुहूर्त हैं। इसमें 6 बजकर 34 मिनट से 11 बजकर 30 मिनट और दूसरा 6 बजकर 18 मिनट से रात 10 बजकर 21 मिनट तक खरीदारी करना शुभ है। यह कहना है हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले के ज्योतिषाचार्य सुधीर शर्मा का। उन्होंने कहा कि यह पर्व दिवाली से दो दिन पूर्व मनाया जाता है।

पुराणों के अनुसार धनतेरस के दिन आयुर्वेद के जनक भगवान धनवंतरि अमृत कलश के साथ प्रकट हुए थे। कहते हैं कि पहला सुख निरोगी काया, जब तक स्वस्थ रहेगा तभी धन भी आएगा। धातु में माता लक्ष्मी का वास होता है, इस दिन सोने चांदी के आभूषण, बर्तन, नया वाहन इत्यादि खरीदना शुभ माना जाता है। इस दिन घर और अपने प्रतिष्ठान के लिए नया झाड़ू अवश्य लेना चाहिए। शाम के समय भगवान लक्ष्मी नारायण के साथ धन के देवता कुबेर की पूजा होती है। 

You missed