शिमला/कुल्लू। सूबे में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में आए बदलाव से रोहतांग समेत ऊंची चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश हुई। शुक्रवार को दो नेशनल हाईवे सहित 44 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। 87 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हो गए हैं। अधिकतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री की कमी दर्ज हुई है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए हैं। शनिवार को बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। रविवार को भारी बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सात दिसंबर तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। नेशनल हाईवे तीन दारचा से सरचू और नेशनल हाईवे 505 ग्रांफू से लोसर तक वर्ष 2022 की गर्मियों तक बंद हो गए हैं। इसके अलावा लाहौल स्पीति जिले में 42 और कुल्लू व चंबा में एक-एक सड़क बंद हुई हैं। लाहौल-स्पीति जिले में 65, किन्नौर में 21 और कुल्लू में एक बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गया है।
जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। अटल टनल होकर निगम की बसों के साथ पर्यटकों के वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। पुलिस ने सिर्फ स्थानीय लोगों को ही फोर बाई फोर वाहनों से आने जाने की अनुमति दी है।
सिरमौर जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में भी बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। गुरुवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.7, कल्पा 2.2, शिमला 5.2, चंबा 6.6, मनाली 6.8 और ऊना में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
उधर, शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 24.3, कांगड़ा 22.2, चंबा 21.3, बिलासपुर 21.0, नाहन 19.1, हमीरपुर 19.0, धर्मशाला 18.6, मंडी 18.0, सोलन 15.0, शिमला 10.9, मनाली 10.0, डलहौजी 9.9, कल्पा 5.0 और केलांग में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
