शिमला| सूबे में मौसम के करवट बदलते ही सर्दी अपना अहसास करवाने लगी है। सोमवार से जारी बारिश व बर्फबारी का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। प्रदेश में ठंड बढ़ गई है व लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। हिमाचल में 13 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे व करवाचौथ के दिन मौसम के साफ रहने की संभावना जताई गई है। इस दिन सुहागिनें रात 8:15 बजे चांद को निहार पाएंगी। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया आज 12 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होगा। 13 अक्टूबर को मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्के बादल छाए रह सकते हैं लेकिन चांद दिखेगा।

रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में एक फीट से हिमपात हुआ है। मनाली व लाहुल की सभी पहाड़ियों ने बर्फ के सफेद चादर औढ़ ली है। स्पीति घाटी में सर्दी की पहली बर्फबारी हुई है। हिमपात से रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे पर्यटकों के लिए बंद हो गए हैं। मनाली-लेह, दारचा-जंस्कार व ग्रांफू-काजा मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। लेह से मनाली आने वाले वाहन उपसी व सरचू, जबकि मनाली से लेह जाने वाले वाहन दारचा में फंस गए हैं।

तापमान पर नजर

  • स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
  • शिमला, 9.4, 14.8
  • सुंदरनगर, 14.5, 24.7
  • भुंतर, 13.9, 17.5
  • कल्पा, 6.4, 9.8
  • धर्मशाला, 12.2, 24.0
  • ऊना, 16.6, 29.8
  • नाहन, 17.2, 21.9
  • केलंग, 3.0, 10.7
  • सोलन, 13.5, 16.5

तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज

सोमवार से चल रहे बारिश के क्रम के कारण मंगलवार को अधिकतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया। धौलाधार सहित अन्य चोटियों पर ताजा बर्फबारी और लगातार वर्षा से तापमान लुढ़का है। आठ से 11 डिग्री सेल्सिसय अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश में 48 के करीब सड़कें यातायात के लिए बंद है और 115 ट्रांसफार्मर खराब हैं।

You missed