शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव लडऩे के इच्छुक लोगों से टिकट के लिए आवेदन मांगे थे। 26 अगस्त से एक सितंबर तक कांग्रेस मुख्यालय में 1347 आवेदन आए हैं। 677 आनलाइन व 670 आफलाइन आवेदन आए हैं। शुक्रवार से इनकी छंटनी की जाएगी। इसके बाद फाइल तैयार कर पांच सितंबर को दिल्ली में प्रदेश चुनाव समिति को भेजी जाएगी। समिति चर्चा के बाद स्क्रीनिंग कमेटी को नाम भेजेगी।
यह कमेटी चयन प्रक्रिया पूरी कर राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को फाइल भेजेगी। उनकी मंजूरी के बाद ही टिकटों की घोषणा होगी। सबसे अधिक 40 आवेदन शिमला शहरी सीट के लिए आए हैं। ठियोग से युवा नेता निशांत ठाकुर ने भी दावेदारी जताई है। वह लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हैं और पूर्व ऊर्जा मंत्री विद्या स्टोक्स के करीबी माने जाते रहे हैं।
सुलतानपुरी व मुसाफिर ने किया आवेदन
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अंतिम दिन आवेदन करने वालों की भीड़ लगी रही। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने पच्छाद व विनोद सुलतानपुरी ने कसौली से टिकट के लिए आवेदन किया है। महासचिव यशवंत छाजटा, महेश्वर चौहान, जितेंद्र चौधरी व नरेंद्र ठाकुर निटू ने भी आवेदन किया है।
- प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों से 1347 आवेदन आए हैं। इनकी शुक्रवार को छंटनी होगी। यह भी देखा गया है कि आनलाइन व आफलाइन आवेदन एक साथ किया है। छंटनी में इसकी जांच पड़ताल भी होगी।
-नरेश चौहान, उपाध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी
युकां को चुनाव में दी जाएगी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव संजय दत्त ने युवा कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें निर्णय लिया गया कि युवा कांग्रेस को चुनाव में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। बैठक में युवा कांग्रेस प्रभारी अमरप्रीत लाली, राष्ट्रीय महासचिव वीनित कंबोज, युवा कांग्रेस सचिव एजाज चौधरी, राष्ट्रीय चेयरमैन मनू जैन, प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर मौजूद रहे।
