गर्मियों की छुट्टियां बिताने के लिए वैसे तो कई पर्यटक स्थल मौजूद हैं। लेकिन जिला चंबा के प्रमुख पर्यटन स्थल डलहौजी के समीप स्थित मिनी स्विटजरलैंड के नाम से विख्यात खज्जियार की बात ही कुछ निराली है। यहां आकर पर्यटकों को धरती पर ही स्वर्ग का एहसास होता है। हरे भरे देवदार के पेड़ों वाले घने वन क्षेत्र से घिरा खज्जियार का मैदान व यहां स्थित झील जिसमें की घास का एक छोटा टापू घूमता रहता है, पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र हैं। यहां आकर ऐसा एहसास होता है मानों प्रकृति आपको अपनी बाहों में समेटने को आतुर है। समुद्रतल से 1920 मीटर की उंचाई पर स्थित खज्जियार में हरी हरी घास से लकदक मैदान व नीले पानी वाली झील के आसपास स्थित वन क्षेत्र से आने वाले ठंडी हवाओं के झोंके पर्यटकों के रोम रोम को आनंदित कर देते हैं। ऐसे में डलहौजी घूमने आने वाले पर्यटक खज्जियार की नैसर्गिक सुंदरता को निहारने यहां जरूर पहुंचते हैं।
खज्जियार का प्रकृति ने खूब श्रृंगार किया है, जबकि यहां स्थित ऐतिहासिक खज्जी नाग मंदिर की विशेष महत्ता है। खज्जी नाग देवता का यहां स्थान होने के चलते ही इसका नाम खज्जियार पड़ा था। जबकि खज्जियार की सुंदरता को लेकर वर्ष 1992 में स्विटजरलैंड के तत्कालीन वाइस काउंसलर विली टी ब्लेजर ने खज्जियार को मिनी स्विटजरलैंड का खिताब दिया था, जबकि खज्जियार को हमेशा याद रखा जाए इसके लिए स्विस अधिकारी यहाँ से एक पत्थर भी स्विटजरलैंड ले गए थे।
इन फिल्मों की हुई है शूटिंग
खज्जियार में कई फिल्मों, कई पंजाबी, हिंदी व पहाड़ी गीतों की वीडियो एल्बम की भी शूटिंग हो चुकी है। गदर एक प्रेम कथा, वजूद, लुटेरा, हिमालय पुत्र व ब्लू अम्ब्रेला आदि कई फिल्मों के दृष्य यहां की हसीं वादियों में फिल्माए गए हैं।
खज्जियार की सुंदरता को निहारने आने वाले पर्यटक यहां मनोरंजक गतिविधियों सहित एडवेंचर गतिविधियों में भी हिस्सा ले सकते हैं। पैराग्लाइडिंग, घुड़सवारी, रोलिंग बाल, बच्चे झूलों का आनन्द लेने सहित यहां पारंपरिक लोक संगीत का भी आनंद लिया जा सकता है, जबकि यहां स्थित प्राचीन खज्जी नाग मंदिर के बारे में मान्यता है कि यहां शीश नवाने के उपरांत मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है।
ठहरने की व्यवस्था
खज्जियार में रात्रि ठहराव के लिए भी काफी सुविधा है। यहां लोक निर्माण विभाग व वन विभाग के विश्राम गृह सहित, पर्यटन निगम के होटल देवदार सहित अन्य कई छोटे बड़े होटल व होम स्टे स्थित हैं। जहां वाजिब दामों में रात्रि ठहराव की सुविधा मिल जाती है।
यह भी दर्शनीय स्थल
डलहौजी से खज्जियार आते समय लक्कड़मंडी नामक स्थान के समीप ही वन्य प्राणी अभ्यारण्य कालाटॉप स्थित है, जहां पर्यटक वन्य प्राणी जीवन को करीब से निहार सकते हैं, जबकि लक्कड़ मंडी से ही करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर डैनकुंड नामक स्थान है, जहां पर्यटक ट्रैकिंग का आनंद उठाने सहित यहां स्थित सुंदर प्राक्रतिक नजारों का दीदार कर सकते हैं। वहीं यहां स्थित प्राचीन पोहलानी माता मंदिर भी आस्था का एक प्रमुख केंद्र है।
खज्जियार आने के लिए लोग हवाई मार्ग से पठानकोट व कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट तक आ सकते हैं। इसके अलावा पठानकोट तक ट्रेन के माध्यम से भी जहां पहुंचा जा सकता है। वहीं कई राज्यों से पर्यटक बसों के माध्यम से एनएच 154-ए से होकर अपने निजी वाहनों से भी डलहौजी आ सकते है। पठानकोट एयर पोर्ट से खज्जियार की दूरी करीब 104 किलोमीटर है, जबकि डलहौजी से खज्जियार करीब 22 किलोमीटर है। कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट से खज्जियार की दूरी करीब 152 किलोमीटर है।
