हिमाचल: विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस ने घोषणाओं की झड़ी लगा दी है. कांग्रेस ने घोषणा की कि सरकार बनने के 10 दिन के भीतर छत्तीसगढ़ और राजस्थान की तर्ज पर ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू किया जाएगा. हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली के साथ साथ 18 से 60 वर्ष की आयुवर्ग की महिलाओं को हर माह 1500 रू. की धनराशि दी जाएगी.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और हिमाचल विधानसभा चुनाव के मुख्य पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने ये घोषणा की. प्रदेश के नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ दो दिन लगातार हुई बैठक में इन घोषणाओं पर सहमति बनी. इसके अलावा 5 लाख बेरोजगारों को नौकरी देने के लिए कांग्रेस योजना लेकर आएगी और साथ ही विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरने का भी ऐलान किया.
बघेल ने ये घोषणा की कि स्टार्ट अप के लिए प्रति विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ के हिसाब से सभी विधानसभा क्षेत्रों में 680 करोड़ की ब्याज मुक्त धनराशि दी जाएगी. स्टेट गेस्ट हॉउस पीटरहॉफ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये घोषणा की गई. इस मौके पर प्रताप सिंह बाजवा, राजीव शुक्ला, प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंदर सिंह सूक्खु समेत कई विधायक और प्रमुख नेता मौजूद रहे.
