शिमला| सूबे में हिमाचल कांग्रेस की आज दिनभर राजीव भवन शिमला में मैराथन बैठकें होंगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव एवं हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला हाईकमान द्वारा गठित आठ कमेटियों के साथ बैठकों में संगठन के काम की समीक्षा करेंगे। इस दौरान सभी कमेटी चेयरमैन बीते एक महीने के दौरान किए गए विभिन्न काम की रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी को सौपेंगे।आज की बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। प्रदेश प्रभारी के साथ होने वाली बैठक में कांग्रेस अगले पांच से छह महीने का रोड मैप तैयार करेगी। इस दौरान सभी कमेटी को अगले एक महीने के टॉस्क दिए जाएंगे, जिन पर कमेटी को काम करना होगा।
इन कमेटियों को दिया था टारगेट
बता दें कि कांग्रेस हाईकमान में अप्रैल के आखिरी सप्ताह में प्रदेश में चुनाव प्रचार समिति, इलैक्शन मेनिफेस्टो कमेटी, कैंपेन कमेटी, चुनाव प्रबंधन समिति, समन्वयक कमेटी, प्रचार प्रसार कमेटी, मीडिया कमेटी, इंटरनेट मीडिया कमेटी, रिसर्च कमेटी, अनुशासन कमेटी गठित कर रखी है। सभी कमेटी को हाईकमान ने टारगेट दे रखे हैं।
ये रहेंगे बैठकों में उपस्थित
सभी कमेटियां अपने-अपने स्तर पर प्रचार को धार देने में जुटी हुई है। इनके कामकाज की आज समीक्षा की जाएगी। इसके बाद राजीव शुक्ला सभी कमेटी के परफॉर्मेंस रिपोर्ट AICC अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौपेंगे।
आज की बैठक में राजीव शुक्ला अलावा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पार्टी के सह प्रभारी संजय दत्त, तेजेंद्र पाल सिंह बिट्टू, गुरकिरत सिंह कोटली और चारों कार्यकारी अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।
11.30 बजे इलेक्शन मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक
कांग्रेस महासचिव अमित पाल सिंह ने हां बताया कि सुबह 11.30 बजे से 1 बजे तक इलैक्शन मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक होगी। 2 से 3 बजे तक चुनाव प्रबंधन कमेटी, 3 से 4 बजे तक चुनाव समन्वय समिति, 4 से 5 बजे तक चुनाव प्रचार व प्रकाशन कमेटी, 5 बजे से 6 बजे तक मीडिया व सोशल प्रबंधन कमेटी और सांय 6 से 7 बजे तक चुनाव अनुसंधान कमेटी की बैठक होगी।
