सोलन : कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर जाबली के समीप सेब ले जा रही बोलेरो कैपर सड़क पर ही पलट गई। गनीमत यह रही की इस दौरान किसी भी व्यक्ति को चोटें नहीं आई है। लेकिन पिकअप को काफी नुकसान भी हुआ है। हादसे में सेब की पेटियां भी सड़क पर बिखर गई। इस कैंपर में 70-80 पेटी लोड़ थी। इसके चलते हाईवे पर बीच-बीच में जाम की समस्या भी बनी।
जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर रोहडू से पंचकूला की ओर जा रही थी। जैसे ही हाईवे पर जाबली के समीप पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। बोलेरो कैंपर में दो लोग सवार थे। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने धर्मपुर थाना और फोरलेन कंपनी को दी। सूचना मिलते ही फोरलेन कंपनी की एंबुलेंस, क्रेन समेत कर्मी मौके पर पहुंच गए। इसी के साथ धर्मपुर पुलिस थाना की टीम भी मौके पर पहुंची और बोलेरो कैंपर में सवार लोगों का कुशलक्षेम जाना।
इसके बाद फोरलेन कंपनी की टीम ने सड़क से बोलेरो कैंपर को क्रेन की मदद से हटाया गया। इसके बाद सड़क सुचारू हुई। बताया जा रहा है कि इस जगह पर पहले भी कई बार हाइसे हो गए हैं। लेकिन फोरलेन निर्माता कंपनी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उधर, धर्मपुर थाना प्रभारी राकेश रॉय ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर गई थी।
