सोलन: CM जयराम ठाकुर ने बीते दिन सोलन विधानसभा क्षेत्र के कंडाघाट में हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व में आने के 75 वर्षों के उपलक्ष्य पर आयोजित प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि इन 75 वर्षों में राज्य में सभी क्षेत्रों में अद्वितीय विकास हुआ है, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस दौरान 145 करोड़ रुपए के विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास भी किए. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हर बार सोलन विधानसभा सीट से थोड़ी सी कमी जनता की तरफ से रह जाती है. उन्होंने कहा कि कभी भी उन्होंने सोलन विधानसभा क्षेत्र में विकास के कामों में कमी नहीं आने दी और जनता से भी यही उम्मीद करते हैं कि वे लोग जब चुनाव का समय आए तो उस समय उस कमी को पूरा कर दें. उन्होंने कहा कि इस बार सोलन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का विधायक विधानसभा के अंदर पहुंचना चाहिए और इसकी जिम्मेदारी सोलन की जनता की होगी. मुख्यमंत्री ने पट्टी कोलियां और साथ लगती ग्राम पंचायत डांगरी के गांवों के लिए 1.18 करोड़ रुपये लागत की उठाऊ जलापूर्ति योजना के संवर्द्धन कार्य, 28 लाख रुपये की उठाऊ जलापूर्ति योजना नौणी मझगांव, 5.50 करोड़ रुपये से निर्मित कौशल विकास केन्द्र, 1.91 करोड़ रुपये से निर्मित राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, कीन-क्यार गांव के नजदीक अश्वनी खड्ड पर 1.70 करोड़ रुपये से निर्मित पैदल पुल, 25.61 करोड़ रुपये लागत से निर्मित सोलन-राजगढ़ बाईपास सड़क तथा सोलन के जटोली में 30.31 करोड़ रुपये से निर्मित इनडोर ऑडिटोरियम के लोकार्पण किए.
