शिमला| हिमाचल विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए अब रैलियों का दौर शुरू हो गया है। सोलन में 3 नवंबर को आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की रैली होगी। PM नरेंद्र मोदी 5 नवंबर को यहां रैली करने वाले हैं। ऐसे में उनसे पहले ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब CM भगवंत मान यहां पर रैली करके जनता को रिझाने का प्रयास करेंगे। आप पार्टी सूत्रों का कहना है कि रैली के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आज शाम तक रैली का खाका तैयार कर दिया जाएगा।

प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलेंगे

आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रवक्ता अमित रावत का कहना है कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था बदहाल स्थिति में है। अरविंद केजरीवाल बहुत पहले से इस बदहाल व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते आए हैं। उनका कहना है कि प्रदेश के CM जयराम ठाकुर एजुकेशन और हेल्थ पर कोई बात नहीं कर रहे हैं। वे मुद्दों से लोगों को भटकाने का काम कर रहे हैं।

पार्टी ने 20 स्टार प्रचारक किए तय

आम आदमी पार्टी ने अपने 20 स्टार प्रचारकों की सूची पहले ही जारी कर दी है। इसमें सबसे पहला नाम पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और दूसरा नाम पंजाब के CM भगवंत मान का है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के शीर्ष नेता राज्यसभा सांसद संजय सिंह, संदीप पाठक, राघव चड्ढा भी इसमें शामिल किए गए हैं।

दिल्ली कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन के अलावा हिमाचल में पार्टी प्रभारी व पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। इनके साथ ही पंजाब से कई मंत्री- हरपाल सिंह चीमा, गुरमीत सिंह मीत हेयर, अमन अरोड़ा, लाल चंद कटारूचक्क, बह्म शंकर जिंपा भी हिमाचल में पार्टी के लिए प्रचार करने आएंगे।

You missed