सोलन। प्रदेश में एक्टिव 23 संक्रमित मामलों में से सात और की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। इनके अलावा चार की पहली रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। इस तरह अब प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मामले 16 ही रह गए हैं और 18 ठीक हो गए हैं। बुधवार को सोलन जिले के कोविड-19 अस्पताल काठा में भर्ती सभी 11 मरीज निगेटिव पाए गए हैं। इनमें से आठ जमाती ऊना जिला के हैं। जबकि दो निजी अस्पताल के कर्मचारी हैं।
एक अन्य सिरमौर जिले से है। इनमें से ऊना जिला से संबंधित पांच जमातियों के लगातार तीन सैंपल निगेटिव आए हैं। जबकि एक की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव है। वहीं , सिरमौर जिला के जमाती की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। गुरुवार को प्रशासन यहां भर्ती सात लोगों को छुट्टी दे सकता है। जबकि अन्य चार की अगली रिपोर्ट 14 दिन बाद जांच के लिए भेजी जाएगी।
सोलन जिला से बुधवार को 85 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद संक्रमण मुक्त हुए लोगों को अस्पताल से छुट्टी देने की तैयारी की जा रही है। इससे पूर्व मंगलवार को नालागढ़ में तीन जमाती कोरोना संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। इन सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
बीते चार दिन से प्रदेश में कोरोना का एक भी मामला नहीं आया है। प्रदेश में पॉजिटिव से दूसरी बार निगेटिव हुए लोगों को तीन-चार दिन के भीतर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। सरकार की नजर हमीरपुर में आए दो पॉजिटिव लोगों पर भी टिकी है। 11 दिन तक यह निगरानी में हैं। हिमाचल में अब तक 3783 लोगों की कोविड-19 को लेकर जांच की गई।
प्रदेश में अब तक 8301 लोगों को सुरक्षा के दृष्टिगत निगरानी में रखा गया, जिसमें से 5496 लोग 28 दिनों की निर्धारित निगरानी अवधि को पूर्ण कर चुके हैं और स्वस्थ हैं। बीते चार दिन से प्रदेश में कोरोना का एक भी मामला नहीं आया है। हिमाचल में अब तक कुल 39 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। बुधवार को 349 सैंपलों की जांच की गई।
