मंडी | मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को जिला मंडी के आपदा प्रभावित थुनाग और जंजैहली क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और प्रभावित लोगों को स्वयं राहत सामग्री वितरित की। मुख्यमंत्री सेना के हेलीकॉप्टर से सरकाघाट से थुनाग के रैन गलू हैलीपैड पहुंचे, जहां उन्होंने प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।यदि रैन गलू हैलीपैड पर उनकी हेलीकॉप्टर टेक आफ में पांच मिनट की भी देरी होती, तो खराब मौसम के चलते उड़ान संभव नहीं हो पाती और वह वहीं फंस सकते थे। उन्हें सूचना मिली थी कि थुनाग क्षेत्र का सड़क संपर्क कट गया है और वहां खाद्य सामग्री समाप्त हो चुकी है। ऐसी स्थिति में उन्होंने जिला प्रशासन को तुरंत हवाई मार्ग से राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए। थुनाग और जंजैहली उप-मंडल में हाल ही में बादल फटने की घटनाओं के कारण सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। इस स्थिति को देखते हुए हवाई मार्ग से राहत सामग्री पहुंचाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
