आनी | मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को आनी विधानसभा क्षेत्र के निरमंड उपमंडल के बागा सराहन में आयोजित जनसभा में भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर जमकर तंज कसे। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने प्रदेश का बेड़ा गर्क कर दिया और जाते-जाते प्रदेश को कर्ज के दलदल में धकेल दिया। सुक्खू ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा, डबल इंजन तो था, लेकिन एक इंजन पंचर और दूसरा पिछलग्गू निकला। विकास तो दूर, प्रदेश को पीछे धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने तीखा हमला किया। कहा कि भाजपा राज में शिक्षा की हालत यह कर दी गई कि आठवीं कक्षा का छात्र तीसरी की किताब तक नहीं पढ़ पा रहा। यह भाजपाई पढ़ाई मॉडल है, जिसमें पढ़ो भारत की जगह ‘भूलो सब’ लागू था। मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि यह आउटर सिराज क्षेत्र है और जयराम ठाकुर खुद पड़ोस के सिराज से हैं, लेकिन उन्होंने कभी इस क्षेत्र की तरफ नहीं देखा।
