जिला सिरमौर के तीन आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों को लंबे समय से अभी तक अपना स्टाफ नसीब नहीं हो पाया है। करीब साढ़े चार से यहां प्रतिनियुक्ति स्टाफ के सहारे मरीजों का उपचार चल रहा है। सरकार की ओर से यहां स्वास्थ्य केंद्र तो शुरू कर दिए गए, लेकिन स्टाफ मुहैया नहीं करवाया। जानकारी के अनुसार उपमंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकरी कार्यालय नाहन अंतर्गत आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भेड़ों, गतलोग और डेबरघाट को अभी तक अपना नियमित स्टाफ नहीं मिला है। सरकार की ओर से चार अक्तूबर 2017 को स्वास्थ्य केंद्र भेड़ों खोला गया है। इसके अलावा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र गतलोग और डेबरघाट को पांच अक्तूबर को खोला गया है।
आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी, एक फार्मासिस्ट और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद सृजित किए जाते हैं। इन तीनों केंद्रों में अभी तक यह पद सृजित नहीं किए गए हैं। आयुष विभाग की ओर प्रतिनियुक्ति पर यहां स्टाफ तैनात किया गया है। भेड़ों में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी और डेबरघाट और गतलोग में फार्मासिस्ट सेवाएं दे रहा है।
आयुष विभाग में पहले ही स्टाफ की कमी चल रही है। 51 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र ऐसे हैं, जो बिना चिकित्सक के चल रहे हैं। इनमें अधिकतर केंद्र जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के हैं। पांच आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र तो ऐसे हैं, जिन्हें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी चला रहे हैं। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. राजन ने बताया कि आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भेड़ोंं, गतलोग और डेबरघाट के लिए अभी तक स्टाफ सेंक्शन नहीं हुआ है। इस बारे विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया है। इन केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रहें, इसके लिए यहां प्रतिनियुक्ति पर स्टाफ नियुक्त किया गया है।
