शिमला: पंजाब में सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर सियासी घमासान भी देखने को मिल रहा है. हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के एक विधायक ने मशहूर पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की रविवार को हुई हत्या के बाद पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है. फेसबुक पर एक पोस्ट में शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया, ‘सरकार चलाना आम आदमी पार्टी के बस की बात नहीं है.’

दरअसल, पंजाब के मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की रविवार को पंजाब के मानसा जिले में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. उनकी महज 28 साल ही थी. उनके साथ महिंद्रा थार जीप में यात्रा कर रहे उनके चचेरे भाई और एक दोस्त हमले में घायल हो गए. मूसेवाला ने हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर मानसा से चुनाव लड़ा था और आम आदमी पार्टी (आप) के विजय सिंगला से हार गए थे.

विक्रमादित्य सिंह ने फेसबुक पोस्ट में कहा ‘पंजाब में तुरंत राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए. सरकार चलाना आम आदमी पार्टी के बस की बात नहीं है.’ इससे पहले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए रविवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया था.

जयराम ठाकुर ने ट्वीट में कहा था, ‘पंजाब की आप सरकार द्वारा सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं. आज इस हत्या के लिए अगर कोई जिम्मेदार है तो वह पंजाब की आप सरकार ही मानी जाएगी.’ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही पंजाब में आप सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल होने का आरोप भी लगाया.

 

You missed