हिमाचल में सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनना फिर से जरूरी कर दिया गया है। राज्य सरकार ने तेजी से बढ़ रहे कोविड संक्रमण को देखते इस संबंध में अधिसूधना जारी कर दी है। सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों, अस्पतालों, सार्वजनिक व पर्यटन स्थलों व खुले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भी मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। कार्यालयों में भी दो गज की दूरी रखने का निर्णय किया गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब बिना मास्क के जिले के अस्पतालों में प्रवेश नहीं मिलेगा। उपचार करवाने के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को मास्क पहनने के बाद ही अस्पताल में प्रवेश दिया जाएगा।
बता दें कि हिमाचल में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। प्रदेश में शुक्रवार को 930 और लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं चंबा जिले में 85 वर्षीय महिला ने दम तोड़ा। प्रदेश में कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या 5,391 पहुंच गई है। इनमें 56 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। हिमाचल में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर सरकार ने एडवाइजरी जारी की गई है। लोगों से मास्क पहनने की सलाह दी गई है। जिस रफ्तार से मरीज इसकी चपेट में आ रहे हैं, इससे संभावना लगाई जा रही है कि कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 10 हजार तक जा सकता है। हिमाचल में संक्रमण दर 25 फीसदी पहुंच गई है। सप्ताह पहले यह 20 फीसदी थी। जिला कांगड़ा में 1,245, मंडी 1,083, शिमला 846, हमीरपुर 419, चंबा 355, बिलासपुर 351, ऊना 257, कुल्लू 256 सिरमौर 232, सोलन 208, किन्नौर 90 और लाहौल-स्पीति में 49 एक्टिव मरीज हैं।
