सोलन : आम आदमी पार्टी के शिमला लोकसभा इंचार्ज राकेश आजटा ने घर वापसी करने वाले संगठन मंत्री रहे सतीश ठाकुर, आप के उद्योग विभाग के उपाध्यक्ष रहे डीके त्यागी और सोशल मीडिया विंग के सदस्य रहे आशीष त्यागी की घर वापसी का स्वागत किया। घर वापसी के बाद शिमला में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए सतीश ठाकुर ने भाजपा पर जमकर हमले किए। सतीश ठाकुर ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के ऑपरेशन लोटस का पहला शिकार मैं बना। भाजपा नेताओं ने प्रलोभन देकर रातों रात दिल्ली ले जाकर जेपी नड्डा और अनुराग ठाकुर के सामने ज्वॉइन कराया गया। हमसे कई तरह के वायदे किए गए लेकिन हमारे मन में आम आदमी पार्टी के विचार थे। भाजपा ने मुझे राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया लेकिन हमने एक भी दिन काम नहीं किया। सतीश ठाकुर ने दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के समक्ष आम आदमी पार्टी में घर वापसी की है।
सतीश ठाकुर ने जयराम सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जयराम सरकार ने पांच साल जनता से किए गए वायदों को पूरा करने में नाकाम रही है। प्रदेश में विकास नहीं किया जिससे अब विकास के दम पर नहीं बल्कि कांग्रेसी नेताओं के दम पर मिशन रिपीट करना चाहती है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पास कांग्रेस के 18 नेताओं की सूची है जिन्हें भाजपा में शामिल कराया गया है। अभी मात्र दो विधायक शामिल कराए हैं आगे और भी नेता शामिल होंगे। सतीश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं के भाजपा में शामिल होने से भाजपा के संगठन में आग लग रही है और इस बगावत की आग से संगठन झुलस जाएगा।
आप नेता ने कहा कि केजरीवाल काम की राजनीति करते हैं। केजरीवाल जब किसी प्रदेश में पहली बार चुनाव लड़ते हैं तो कहते हैं कि एक मौका केजरीवाल को दो। जब दूसरी बार चुनाव लड़ते हैं तो पूरे विश्वास के साथ कहते हैं कि आम आदमी पार्टी की सरकार और विधायकों ने काम किया हो, तो ही वोट देना, काम न किया हो तो वोट मत देना। ऐसी हिम्मत किसी और नेताओं में नहीं है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर यह हिम्मत नहीं दिखा सकते कि जनता से कह सकें काम किया है तो वोट देना। जयराम सरकार विकास कराने में पूरी तरह नाकाम रही है। जिससे अब वो जनता का भरोसा खो चुके हैं।
