शिमला : इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ शिमला के आठवें संस्करण का शुभारम्भ शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में किया गया. फिल्म फेस्टिवल का उद्घाटन वी.एस. कुंडू, अतिरिक्त मुख्य सचिव, हरियाणा सरकार ने किया. उन्होंने कहा कि सिनेमा विभिन्न भाषाओं और देशों को जोड़ने का माध्यम है. इस तरह के फिल्म आयोजनों से दर्शकों को सिनेमा के विभिन्न आयामों से रूबरू होने का मौका मिलता है. फिल्म फेस्टिवल दर्शकों को सबसे बेहतर सिनेमा परोसते हैं, जिससे समाज में नई सोच पैदा की जा सकती है. ग्रामीण पहाड़ी क्षेत्रों से पलायन पर आधारित गढ़वाली फिल्म ‘सुनपत’ आज के कार्यक्रम की इनॉगरल फिल्म रही. राहुल रावत द्वारा निर्देषित इस फिल्म में उत्तराखंड के उजड़ते गांवों से ग्रामीण लोगों के पलायन से उतपन्न सामाजिक -आर्थिक परिदृश्य पर चित्रण किया गया है. इस फिल्म को दर्शकों द्वारा सराहा गया. ट्रांसजेंडर पर आधारित फिल्म शीर कोरमा भी दर्शकों को दिखाई गई. शीर कोरमा फिल्म में मुख्य भूमिका में शबाना आजमी, दिव्या दत्ता और स्वरा भास्कर हैं और यह फिल्म ट्रांसजेंडर इश्यूज पर मुखर होकर अपनी राय बनाने में कामयाब होती है. फिल्म फेस्टिवल के आज के आयोजन में बत्तीस राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों की स्क्रीनिंग की गई. फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जा रही फिल्मों की स्क्रीनिंग मॉडल केंद्रीय कारागार कण्डा में भी की गई. यहां पर लगभग एक सौ पचास कैदियों को फिल्में दिखाई गई. यहां पर जय गोपाल लोदटा, सुपरिंटेंडेंट जेल ने कार्यक्रम का शुभारम्भ किया. इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ शिमला में कुल 86 फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी, जिनमें 27 फिल्में अंतरराष्ट्रीय वर्ग में, 34 भारतीय फिल्में, चार हिमाचल की फिल्में और 15 फिल्में भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित फिल्में दिखाई जा रही हैं.
