शिमला। हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला शिमला पुलिस लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। बीते 48 घंटों के दौरान रोहड़ू और कोटखाई क्षेत्र में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में पुलिस ने 30.50 ग्राम चिट्टा और छह ग्राम क्रिस्टल मेथ बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार खुफिया सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं। इसी कड़ी में रोहड़ू और कोटखाई क्षेत्र में पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। सूचनाओं के आधार पर विशेष नाकाबंदी और तलाशी अभियान चलाए गए, जिनमें बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद करने में सफलता मिली। सबसे बड़ी कार्रवाई पुलिस थाना रोहड़ू के तहत दर्ज अभियोग संख्या 57/2026 में सामने आई।

पांच जून को डिटेक्शन सैल, रोहड़ू को सूचना मिली कि एक वाहन में सवार कुछ व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने महेंदली क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार व्यक्तियों के कब्जे से 19 ग्राम चिट्टा बरामद किया। बरामदगी के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी पंजाब के फिरोजपुर और मोगा जिलों के निवासी हैं। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चिट्टा कहां से खरीदा गया था और इसकी सप्लाई हिमाचल के किस क्षेत्र में की जानी थी।

रोहडू में कार से नशा जब्त

रोहड़ू क्षेत्र में ही एक अन्य मामले में पुलिस ने स्थानीय स्तर पर नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर चोट की है। पुलिस थाना रोहड़ू में दर्ज अभियोग संख्या 56/2026 के अनुसार पुलिस टीम ने नियमित गश्त और अपराध निरोधक ड्यूटी पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक कार में नशीले पदार्थ ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने अरहाल रोड के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार से करीब पांच ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

तीनों आरोपी चंडीगढ़ से

तीसरा मामला पुलिस थाना कोटखाई में दर्ज अभियोग संख्या 51/2026 से जुड़ा है। पुलिस टीम चार जून को हुल्ली क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक वाहन की जांच की गई। तलाशी के दौरान वाहन में सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से 6.50 ग्राम चिट्टा और छह ग्राम क्रिस्टल मेथ बरामद की गई। क्रिस्टल मेथ को अत्यंत खतरनाक और महंगे सिंथेटिक नशीले पदार्थों में गिना जाता है। तीनों आरोपी चंडीगढ़ के निवासी हैं।

You missed