शिमला. हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में कला और साहित्य से जुड़े लोगों के लिए अहम और बड़ी खबर है. शिमला में देश का अब तक के सबसे बड़े लिट फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है. कला और साहित्य से जुड़ी भारत सहित 15 देशों की बड़ी हस्तियां इसमें शामिल होंगी. 16 से 18 जून तक आयोजित होने वाले इस इंटरनेशनल लिटरेचर फेस्टिवल का नाम ‘उन्मेषा’ रखा गया है. तीन दिवसीय इस फेस्टिवल में करीब 450 लेखक, आलोचक, ट्रांसलेटर सहित कला और साहित्य से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे. हिमाचल प्रदेश के भी लगभग 35 लेखक इस फेस्टिवल में भाग लेंगे.

बड़े नामों में केरल और आंध्र प्रदेश के राज्यपाल के अलावा किरण बेदी, हाल ही में बुकर प्राइज जीतने वाली लेखक गीतांजलि श्री, गुलजार, प्रसून जोशी, सोनल मान सिंह, दीप्ति नवल, विशाल भारद्वाज जैसे नाम शामिल हैं. साहित्य अकादमी, संस्कृति मंत्रालय और हिमाचल प्रदेश भाषा एवं संस्कृति विभाग संयुक्त रूप से इस फेस्टिवल आयोजन कर रहे हैं.

हिमाचल प्रदेश भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ.पंकज ललित ने News 18 को बताया कि ये देश का अब तक सबसे बड़ा लिटरेचर फेस्टिवल है. उन्होंने बताया कि देश में इससे पहले विभिन्न संस्थाएं ही इस तरह के लिट फेस्ट का आयोजन करती रहीं हैं, लेकिन इस बार भारत सरकार और साहित्य अकादमी ये आयोजन कर रही है, आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में इसका आयोजन किया जा रहा है.

You missed