शिमला| देश के मैदानी इलाकों में पड़ रही गर्मी से राहत पाने के लिए सप्ताहांत पर रविवार को हजारों पर्यटक शिमला पहुंचे। इससे राजधानी शिमला में होटलों में आक्युपेंसी 100 प्रतिशत रही। वहीं शहर की पार्किग में दोपहर बाद गाड़ियां लगाने के लिए जगह नहीं मिली। इससे पर्यटकों को गाड़ियां पैक करने के लिए परेशान होना पड़ा।दिल्ली, पंजाब सहित अन्य राज्यों से लोग परिवार के साथ छुट्टियां मनाने शिमला सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर पहुंचे हैं। राजधानी के साथ लगते पर्यटन स्थलों कुफरी, नालदेहरा के होटलों में भी आक्युपेंसी फुल है।शिमला के प्रवेशद्वार शोघी में 24 घंटों में 10 हजार से ज्यादा वाहनों ने प्रवेश किया है। इनमें ज्यादातर वाहन पर्यटकों के हैं। इससे कार्ट रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। शाम को भी क्रासिग से लेकर ओल्ड बस अड्डे व विक्ट्री टनल से लक्कड़ बाजार तक लंबा जाम लगा रहा।
राजधानी शिमला में समर फेस्टिवल पर्यटकों के लिए खासा आर्कषण का केंद्र बना है। समर फेस्टिवल के कार्यक्रम रिज व मालरोड पर आयोजित किए जा रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक यहां देखने को मिल रही है। इसके अलावा रिज पर लगे फूड फेस्टिवल में भी पर्यटक खाने-पीने के चटकारे ले रहे हैं। रविवार को ग्रीष्मोत्सव में पुलिस बैंड की प्रस्तुति देखने के लिए पर्यटक रात तक इंतजार करते रहे। 10 बजे तक पर्यटक रिज पर कार्यक्रम को देखने के लिए खड़े रहे।हिमाचल टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहेंद्र सेठ ने बताया कि सप्ताहांत पर काफी पर्यटक शिमला आ रहे हैं। समर फेस्टिवल में कई आयोजन पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हैं।
