शिमला।हिमाचल प्रदेश में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए राजधानी शिमला आज पूरी तरह से तैयार है।शिमला के सभी होटल नए साल के लिए पहले से ही बुक हो चुके हैं। इसमें पर्यटकों के मनोरंजन के लिए विशेष गाला नाइट, कपल डांस जैसे कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वहीं शिमला के लिफ्ट की पार्किंग भी सैलानियों के वाहन से भरी है। पर्यटकों की तादाद इतनी बढ़ चुकी है कि लोगों को चलने तक की दिक्कतें आ रही हैं। इससे स्थानीय होटल या पर्यटन से जुड़े हर कारोबारी का काम खूब चल रहा है। प्रसिद्ध मंदिर जाखू भी पर्यटकों के लिए एक आकर्षण का केंद्र है।
कई पर्यटक रोप-वे के जरिए जाखू तक जाते हैं तो कई पैदल। ज्यादातर सैलानियों को रोप-वे का सफर अधिक भा रहा है। कालीबाड़ी मंदिर में भी दूर-दूर से पर्यटक दर्शन करने के लिए आते हैं। रिज का चर्च भी सैलानियों से घिरा रहता है। हर पर्यटक जब भी शिमला आता है तो वह चर्च के साथ फोटो जरुर खिंचवाता है।
