शिमला। हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा के लिए दोनों दलों में सरगर्मियां बड़ गई है। मंडी संसदीय सीट से लेकर उपचुनाव में मिली जीत के बाद उत्साहित कांग्रेस वीरवार को भी एकजुट दिखी। मंडी संसदीय सीट से नव निर्वाचित सांसद प्रतिभा सिंह ने वीरवार को अपने निवास स्थान हालीलाज में कांग्रेस विधायक और पूर्व विधायकों के लिए दोपहर के भोजन (लंच) का आयोजन किया।नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू से लेकर कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता लंच पर हालीलाज पहुंचे। सभी ने प्रतिभा सिंह को चुनाव में जीत पर बधाई दी। इस लंच डिप्लोमेसी को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा रही।

राजनीतिक विशेषज्ञ इसे हालीलाज का शक्ति प्रदर्शन बता रहे थे तो कांग्रेस विधायकों का कहना था कि जीत के बाद यह लंच दिया गया।लंच डिप्लोमेसी के बहाने कांग्रेस की एकजुटता आने वाले समय के लिए कई अहम संदेश दे रही है। मिशन-2022 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस पार्टी यदि एकजुट होकर चुनाव लड़ती है तो जीत की राह आसान होगी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हालीलाज में अकसर इस तरह के लंच और डिनर का आयोजन करते थे। अपने जन्मदिन पर वह पार्टी के सभी विधायकों और नेताओं को बुलाते थे।

वहीं कई अन्य मौकों पर भी वह नेताओं को हालीलाज बुलाते थे। वीरभद्र सिंह के निधन के बाद प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह द्वारा लंच का आयोजन किया गया। इसमें सभी नेताओं ने अपनी हाजिरी भरकर संदेश दिया कि पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट है।

You missed