शिमला – 20जून. शिमला टाउन हाल में मेयर व डिप्टी मेयर के कार्यालयों पर आज से ताले लटक जाएंगे और यहां तैनात स्टाफ को अन्य शाखाओं में मर्ज किया जाएगा। इसका कारण यह है कि पांच सालों के लिए चुनी गई नगर निगम का कार्यकाल शनिवार को पूर्ण हो गया है और अब यहां पर प्रशासकीय राज लगने जा रहा है। कार्यकाल पूर्ण होने की स्थिति में महापौर व उप महापौर कार्यालयों को बंद कर दिया जाएगा, क्योंकि प्रशासक अब निगम की कमान को संभालेगा। सोमवार को टाउन हॉल में स्थापित मेयर व डिप्टी मेयर कार्यालयों को बंद करके यहां पर तैनात स्टाफ को दूसरी शाखाओं में मर्ज किया जाएगा। जब तक चुनाव नहीं हो जाते है, यह कर्मचारी दूसरी शाखााओं में ही अपनी सेवायें प्रदान करेंगे।
36 साल बाद प्रशासक संभालेगा कमान
नगर निगम शिमला में 36 सालों बाद प्रशासक कमान संभालेगा। 1986 तक नगर निगम में प्रशासक नियुक्त होता था। शिमला में उपायुक्त शिमला या आईएएस अधिकारी को प्रशासक की कमान सौंपी जा सकती है या फिर कमीशनर के पद पर तैनात एचएएस अधिकारी को भी प्रशासक की जिम्मेवारी मिल सकती है।
41 वार्ड बढ़ाने के बाद हाई कोर्ट में चुनौती
नगर निगम शिमला के वार्डों का पुनर्सीमांकन करके वार्डों की संख्या को 41 कर देने के बाद इस फैसले को उच्च न्यायालय में दी गई चुनौती के कारण चुनाव करवाने में विलंब हुआ है, जिससे समय पर चुनाव प्रक्रिया न हो पाने के कारण इस बार प्रशासकीय राज लगने जा रहा है।
