कुपवी, चौपाल| शिमला जिला के उपमंडल कुपवी के अंतर्गत ग्राम पंचायत मझौली के गौंठ गांव का एक जवान जम्मू-कश्मीर के बारामूला में देश की रक्षा करते देश के काम आ गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार को सेना की एक टुकड़ी द्वारा बारामूला के तारीपोरा और सुल्तानपोरा के जंगलों में आतंकवादियों की तलाशी के लिए अभियान चलाया हुआ था। इस दौरान करीब साढ़े ग्यारह बजे भारतीय सेना की 52 राइफल के 26 वर्षीय जवान कुलभूषण मांटा पुत्र प्रताप मांटा को आतंकवादी की एक गोली टांग में आ लगी। घायल कुलभूषण को अन्य साथियों द्वारा बारामूला स्थित सैनिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सेना के मुख्य अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया गया। सूत्रों के अनुसार ज्यादा खून बहने से वह कोमा में चला गया था।
श्रीनगर सैनिक अस्पताल में उपचार के दौरान कुलभूषण ने शहादत का जाम पी लिया। उसकी शहादत की सूचना श्रीनगर के लिए रवाना हो चुके परिजनों को फ्लाइट से चंद मिनट पूर्व प्रप्त हुई, जिसके बाद वह वापस अपने घर को लौट आए। उधर, कुलभूषण की मौत की खबर के बाद उसके पैतृक गांव गौंठ, ससुराल चइंजन और ननिहाल घाला में मातम का माहौल है। शहीद के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है एवं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जांबाज शहीद कुलभूषण अपने पीछे पिता प्रताप, माता दुर्मा, 25 वर्षीय पत्नी नीतू, अढ़ाई वर्षीय दुधमुंहा बेटा, तीन बहनों को रोता बिलखता छोड़ गया है। (एचडीएम)
आज सुबह पहुंचेगी शहीद की पार्थिव देह
शहीद की पार्थिव देह सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा चंडीगढ़ पहुंच चुकी है, परंतु हरिपुरधार अथवा नजदीक सेना के इस बड़े हेलीकॉप्टर के उतरने की व्यवस्था न होने की वजह से पार्थिव देह को सडक़ मार्ग से पैतृक गांव लाया जा रहा है । पार्थिव देह के शनिवार सुबह तक उनके पैतृक गांव गौंठ पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है। एसडीएम कुपवी नारायण सिंह चौहान ने बताया कि शनिवार को ही पूरे राजकीय सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा ।
होनहार और हंसमुख स्वभाव के थे कुलभूषण
शहीद के मामा सुरेश रणाईक एवं रमेश घालू ने बताया कि कुलभूषण बहुत ही होनहार, काबिल, मिलनसार और हंसमुख युवक था। उन्होंने कहा कि कुलभूषण के देश के लिए दिए गए सर्वोत्तम बलिदान पर उन्हें फक्र है तथा उनके द्वारा देश के लिए दिए गए सर्वोत्तम बलिदान के प्रति लोगों के दिलों में सदैव उच्च स्थान रहेगा, परंतु उनकी शहादत से उनके परिवार, ससुराल पक्ष एवं ननिहाल सहित अन्य परिजनों और मित्रों के लिए पैदा हुआ शून्य कभी नहीं भर पाएगा ।
