ठियोग। आज भारत पिछलग्गू देश नहीं बल्कि विश्व का नेतृत्व करने वाला देश बन गया है। भारत देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यह बात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आनी के राजा रघुबीर सिंह स्टेडियम तथा उसके बाद ठियोग के ऐतिहासिक आलू मैदान में जनसभा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और ऊर्जावान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की हिमाचल प्रदेश भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। उन्होंने कहा कि आज भारत की साख पूरी दुनिया में सुदृढ़ हुई है। आज पूरी दुनिया के भारतवंशियों में एक नया विश्वास जागृत हुआ है। दुनिया की कोई भी समस्या ऐसी नहीं जिसका हल आज भारत के पास नहीं और यह सब भाजपा के शासन काल मेें संभव हो पाया है।
वैश्विक मंच पर भारत की सीमाएं सुदृढ़, कोई भी टेढ़ी नजर से नहीं देख सकता
योगी ने कहा कि आज वैश्विक मंच पर भारत की सीमाएं सुदृढ़ हुई हैं। कोई भी टेढ़ी नजर से नहीं देख सकता, क्योंकि आज भारत के रणबांकुरे दुश्मन के घर में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर से धारा-370 को समाप्त कर अखंड भारत का हिस्सा बना दिया गया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य 55 फीसदी पूरा हो चुका है जबकि अगले वर्ष तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा, जो विश्व का सबसे भव्य और सबसे बड़ा मंदिर बनेगा। कोरोना काल में जब पूरा विश्व परेशान था तो भी विकास रुकने नहीं दिया।
राहुल और प्रियंका गांधी पर कसा तंज
योगी ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जब-जब देश संकट में होता है तब-तब दोनों भाई-बहन को नानी याद आती है और वे इटली चले जाते हैं जबकि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता, नेता कोरोना महामारी में लोगों के बीच रहा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा की सरकार दोबारा आई है और हिमाचल में भी यही सिलसिला जारी रहेगा। योगी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व में भारत का सम्मान बढ़ाया है। देश पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने वृद्धावस्था पैंशन सहित जयराम सरकार के विभिन्न कार्यों की भी प्रशंसा की।
