कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि आठ दिसंबर के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा है कि सरकार बनने के बाद कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाल की जाएगी। प्रतिभा सिंह आनी विधानसभा क्षेत्र के निरमंड में जनसभा को संबोधित कर रहीं थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही विकास की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि भाजपा क्षेत्रवाद की राजनीति कर लोगों को बांटने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी भाजपा की नीतियों व निर्णयों का ही परिणाम है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के विकास को चार चांद लगाए थे, पर वर्तमान भाजपा सरकार ने इस विकास को अपना ग्रहण लगा दिया है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने प्रदेश में उन्ही योजनाओं के फीते काटे, जो पूर्व कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में शुरू किए थे।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश 74 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में डूब गया है। भाजपा का डबल इंजन का दावा पूरी तरह फेल रहा। केंद्र की ओर से प्रदेश को ऐसी कोई भी सौगात नही मिली, जिससे प्रदेश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था पटरी पर लौटती। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस की 10 गारंटियों को गिनाया, जिसमें प्रदेश के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। प्रतिभा सिंह ने लोगों का आह्वान किया कि वह कांग्रेस की मजबूती के लिए इस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं, जिससे विकास की गति को बहाल किया जा सकें।
