दिल्ली. भारत और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की टीम जब भी आमने-सामने होती हैं, तो मुकाबला बड़ा खास हो जाता है. जीत-हार के लिए दोनों ही टीमों के खिलाड़ी अपना सबकुछ झोंक देते हैं लेकिन, दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच दोस्ती भी कम गहरी नहीं है. एशिया कप (Asia Cup-2022) के शुरू होने से पहले भी भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों की मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे, जिसमें दोनों देशों के खिलाड़ी एक-दूसरे से बड़ी गर्मजोशी से मिले. ऐसा ही एक खास वीडियो भारत-पाकिस्तान मैच के बाद का आया है, जिसमें विराट कोहली ने पाकिस्तानी खिलाड़ी की मुराद पूरी की. बीसीसीआई ने इसका वीडियो शेयर किया है.

भारत-पाकिस्तान के बीच हुआ एशिया कप का मैच का नतीजा आखिरी ओवर में आया था. हार्दिक पंड्या ने छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई थी. लेकिन, जैसे ही मैच खत्म हुआ पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रउफ पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली से मिलने पहुंच गए. इस दौरान रउफ ने कोहली से काफी देर बात की. इसका वीडियो बीसीसीआई ने अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया है.

इसके साथ बीसीसीआई ने कैप्शन दिया, ‘मैच भले ही खत्म हो गया है, लेकिन, इस तरह के लम्हे हमेशा चमकते रहेंगे. विराट कोहली ने दरियादिली दिखाते हुए पाकिस्तान के गेंदबाज हारिस रउफ को अपनी साइन की हुई जर्सी दी.’

विराट कोहली के चाहने वालों की संख्या पाकिस्तान में भी कम नहीं हैं. खासतौर पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों के परिवारवाले भी कोहली को काफी पसंद करते हैं. ऐसे में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को जब भी मौका मिलता है, तो वे कोहली का ऑटोग्राफ लेना का मौका नहीं छोड़ते.

शाहीन अफरीदीचोटिल होने के कारण इस एशिया कप में नहीं खेल रहे हैं. हालांकि, वो टीम के साथ आए हैं. मैच से पहले प्रैक्टिस के समय, जब भारतीय टीम मैदान पर जा रही थी, तब भारतीय खिलाड़ियों ने शाहीन से मुलाकात की थी और उनके हालचाल जाने थे. इसमें युजवेंद्र चहल, विराट कोहली, ऋषभ पंत शामिल थे. कोहली का बाबर आजम के साथ बातचीत का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था. भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने भी पाकिस्तानी कप्तान से मुलाकात की थी.

You missed