शिमला : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस व आप सभी 68 सीटों पर एक-दूसरे को चुनौती दे रही हैं। इसके विपरीत माकपा 11 सीटों पर प्रत्याशियों को उतार रही है, जबकि बहुजन समाज पार्टी ने अब तक 50 प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। इसी तरह करीब 50 प्रत्याशी बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। साथ ही राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी व अन्य भी कुछ सीटों पर चुनौती देने को तैयार हैं। विधानसभा चुनाव के लिए 25 अक्तूबर को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन है तथा इसके बाद प्रत्याशी 29 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यानि 29 अक्तूबर को नाम वापसी के बाद ही चुनाव मैदान में डटे रहने वाले उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो सकेगी।
प्रदेश विधानसभा में इस समय भाजपा 43, कांग्रेस 22, सीपीआईएम 1 व निर्दलीय 2 विधायक हैं। हालांकि विधानसभा चुनाव के बाद सत्तारूढ़ भाजपा की सीटें 44 व कांग्रेस की 21 थीं लेकिन जुब्बल-कोटखाई उपचुनाव में भाजपा को हार मिलने से सत्तारूढ़ भाजपा की 1 सीट कम और विपक्षी कांग्रेस की 1 सीट बढ़ गई थी। इसके बाद आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले 2 कांग्रेस विधायक व 2 निर्दलीय भाजपा में शामिल हो गए थे।
